चितरपुर में जर्जर सड़क से सैकड़ों ग्रामीण परेशान, नाली समेत पुनर्निर्माण की मांग लेकर DRM से मिले लोग

चितरपुर में जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों ने डीआरएम से मुलाकात कर सड़क और नाली के पुनर्निर्माण की मांग की। डीआरएम ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिया है।

चितरपुर. मूरी-बड़काकाना रेलखंड के अंतर्गत बड़कीपोना रेलवे ओवरब्रिज (दुर्गा मंदिर चौक) से मायल स्टेशन रोड स्थित सुकरीगढ़ा अंडरपास ब्रिज तक रेलवे भूमि पर बनी जर्जर सड़क अब ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गयी है. सड़क के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार को बड़कीपोना पंचायत के मुखिया अरविंद सिंह और आजसू के केंद्रीय सचिव अमृतलाल मुंडा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रांची रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) करुणा निधि सिंह से मुलाकात की.

ग्रामीणों ने डीआरएम को आवेदन सौंपकर नाली समेत सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की. डीआरएम ने समस्या के समाधान को लेकर सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिया.

कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग

ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क बड़कीपोना, लारीकलां और सुकरीगढ़ा पंचायत समेत आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण इसी रास्ते से आवागमन करते हैं. मायल रेलवे स्टेशन, डेली मार्केट और विभिन्न स्कूलों तक पहुंचने के लिए भी लोगों को इसी सड़क का सहारा लेना पड़ता है.

सड़क की खराब स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों ने जनहित को देखते हुए सड़क के साथ जल निकासी के लिए नाली का निर्माण कराने की भी मांग की.

बारिश में गड्ढों में भर जाता है पानी और कीचड़

ग्रामीणों के अनुसार मध्य विद्यालय बड़कीपोना से सुकरीगढ़ा अंडरपास तक सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है.

साइकिल और बाइक सवारों के गड्ढों में गिरकर चोटिल होने की घटनाएं भी होती रहती हैं. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है.

नाली के साथ सड़क निर्माण की मांग

ग्रामीणों ने डीआरएम से सड़क का पुनर्निर्माण कराने के साथ नाली निर्माण की मांग की, ताकि बारिश के पानी की निकासी हो सके और सड़क लंबे समय तक खराब न हो. डीआरएम करुणा निधि सिंह ने ग्रामीणों की समस्या को सुनते हुए उचित पहल करने का आश्वासन दिया.

ये लोग रहे मौजूद

मौके पर बड़कीपोना पंचायत के मुखिया अरविंद कुमार सिंह, आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव अमृतलाल मुंडा, पूर्व पंसस मुकेश प्रसाद, समाजसेवी अमृत कुमार और कृष्णा करमाली समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शंकर चंद्र पोद्दार

शंकर चंद्र पोद्दार को प्रिंट एवं डिजिटल पत्रकारिता में विशेष रुचि है. वह राजनीति, समाज, शिक्षा तथा क्षेत्रीय घटनाओं और जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों को निष्पक्ष एवं तथ्यपरक ढंग से प्रमुखता के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. पिछले लगभग 12 वर्षों से प्रभात खबर के साथ जुड़कर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं. उनका उद्देश्य जनसरोकार के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते हुए समाज और प्रशासन के बीच एक सशक्त संवाद स्थापित करना है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >