पतरातू. पतरातू थाना में सोमवार की देर रात नए थाना प्रभारी के रूप में विकास आर्यन ने योगदान दिया.उन्हें पतरातू थाना का 60वां थाना प्रभारी बताया गया.पदभार ग्रहण करने के अवसर पर पतरातू थाना के पूर्व प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया.
विकास आर्यन इससे पूर्व रामगढ़ साइबर थाना में पदस्थापित थे.वहीं पतरातू थाना के पूर्व प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता को भुरकुंडा ओपी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.पदभार संभालने के बाद थाना प्रभारी विकास आर्यन ने कहा कि पतरातू थाना क्षेत्र की आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन बेहतर रणनीति के साथ कार्य करेगा.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सभी वर्गों के लोगों को साथ लेकर काम करने की आवश्यकता है.इस दिशा में आम जनता का सहयोग महत्वपूर्ण होगा.उन्होंने क्षेत्रवासियों से पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की, ताकि पतरातू थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके.
मौके पर पतरातू सर्किल इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, एएसआई सुजीत कुमार सिंह, अनूप सिंह, सरवन कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी व जवान मौजूद थे.
