रामगढ़: पशुओं और बकरियों को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए रामगढ़ जिले में पशुपालन विभाग की ओर से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत अब तक 74,907 पशुओं को एफएमडी (खुरहा-मुंहपका रोग) और 1,23,513 बकरियों को पीपीआर का टीका लगाया जा चुका है.
जिला प्रशासन के अनुसार, पशुओं और बकरियों को गंभीर संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है. टीकाकरण से पशुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के साथ पशुपालकों को होने वाले आर्थिक नुकसान को भी कम किया जा सकता है.
गांव-गांव पहुंच रही टीकाकरण टीम
पशुपालन विभाग की टीकाकरण टीम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर पशुओं और बकरियों का टीकाकरण कर रही है. जिला प्रशासन ने पशुपालकों से अपील की है कि जब भी विभाग की टीम उनके गांव या घर पहुंचे, तो अपने सभी योग्य पशुओं और बकरियों का टीकाकरण जरूर कराएं.
प्रशासन ने कहा कि टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में पशुपालकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. समय पर टीका लगने से खुरहा-मुंहपका और पीपीआर जैसी संक्रामक बीमारियों के प्रसार को रोकने में मदद मिलेगी.
जिला प्रशासन ने पशुपालकों से अपील की है कि वे टीकाकरण टीम को आवश्यक सहयोग दें और विभाग की टीम के पहुंचने पर अपने पशुओं एवं बकरियों का टीकाकरण सुनिश्चित कराएं, ताकि जिले में पशुधन को बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके.
