गोला: डीएवी पब्लिक स्कूल बरलंगा में बुधवार को पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक सुरेंद्रनाथ महतो एवं प्रधानाध्यापक संजीव महतो के नेतृत्व में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाये तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया.
विद्यालय परिसर में बरगद का पौधा भी लगाया गया. विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में यह वृक्ष क्षेत्र के लोगों को छाया प्रदान करेगा तथा पूजा-अर्चना के लिए भी उपयोगी साबित होगा. निदेशक श्री महतो ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
वहीं प्रधानाध्यापक संजीव महतो ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सकेगा.
