गिद्दी (रामगढ़): रैलीगढ़ा कांटा के समीप सड़क किनारे हाइवा वाहनों के अस्त-व्यस्त तरीके से खड़े रहने की वजह से बुधवार (12 अगस्त) यानी आज बुधवार को घंटों जाम की स्थिति बनी रही. इस कारण स्कूली बच्चों, सीसीएलकर्मियों और आम राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाने से लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा.
स्थानीय लोगों के अनुसार, कांटा के आसपास हाइवा वाहनों को अस्त-व्यस्त तरीके से खड़ा कर दिया जाता है. इससे सड़क पर आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती और आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न होती रहती है. बुधवार को भी वाहनों के बेतरतीब खड़े रहने के कारण सड़क पर वाहनों को घंटों तक फंसे रहना पड़ा. इस वजह से स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी परेशानी हुई. वहीं, ड्यूटी पर जाने वाले सीसीएलकर्मियों के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी का सामना करना पड़ा.
स्थानीय लोगों ने रैलीगढ़ा कोलियरी प्रबंधन से मामले को गंभीरता से लेते हुए कांटा के समीप हाइवा वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराने की मांग की है. लोगों ने कहा कि वाहनों की पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त होने से सड़क पर आवागमन सुचारु हो सकता है और जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी. लोगों ने प्रबंधन से इस दिशा में अविलंब सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें- जीटी रोड पार करने के दौरान वाहन की चपेट में आया युवक, मौत
