उरीमारी: रामगढ़ के उरीमारी ओपी क्षेत्र के रोड साइड प्रेमनगर में 21 अगस्त की रात हुए सड़क हादसे में 17 वर्षीय आकाश मांझी की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कार्पियो चालक कमलेश गंझू को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने रविवार को आरोपी चालक को न्यायिक हिरासत में हजारीबाग जेल भेज दिया.
हादसे में आकाश मांझी की मौके पर ही मौत हो गयी थी. मृतक की मां सुनीता देवी, पति स्व. बिरसा मांझी के लिखित आवेदन पर पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की.
बताया गया कि शुक्रवार की दोपहर से उरीमारी पीला क्वार्टर के कुछ युवक स्कार्पियो वाहन संख्या जेएच 01जीएम 9382 से क्षेत्र में घूम रहे थे. इसी दौरान युवकों द्वारा नशापान करने और वाहन की खिड़की से शरीर का आधा हिस्सा बाहर निकालकर मोबाइल से रील बनाने की बात सामने आयी है.
रात करीब साढ़े आठ बजे प्रेमनगर रोड साइड में स्कार्पियो का संतुलन बिगड़ गया. इसी दौरान वाहन की खिड़की से बाहर निकलकर रील बना रहा आकाश मांझी अचानक दूसरे वाहन की चपेट में आकर सड़क पर गिर गया. गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गयी.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. सूचना मिलने पर उरीमारी ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने स्कार्पियो चालक कमलेश गंझू को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इसके बाद मृतक की मां के आवेदन पर चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में हजारीबाग जेल भेज दिया गया.
नशापान और लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव ने कहा कि क्षेत्र में नशापान कर वाहन चलाने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और सड़क पर किसी तरह का स्टंट या लापरवाही नहीं करने की अपील की.
उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और युवाओं को सड़क सुरक्षा एवं नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की. पुलिस के अनुसार सड़क पर लापरवाही और स्टंट के कारण किसी की जान न जाए, इसके लिए क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जायेगी. मामले की जांच में उरीमारी ओपी के एएसआई संजय यादव और कृष्ण कुमार दुबे शामिल रहे.
