घाटोटांड: डीएवी स्पोर्ट्स क्लस्टर-7 प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, भुइयांडीह के खिलाड़ियों ने 226 पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया. इस उपलब्धि पर विद्यालय में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित कर पदक विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया.
प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की. उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों-प्रशिक्षकों के समर्पण का परिणाम है.
प्रतियोगिता में विद्यालय को कुल 226 पदक प्राप्त हुए, जिनमें 105 स्वर्ण, 88 रजत और 33 कांस्य पदक शामिल हैं. ताइक्वोंडो, बॉक्सिंग, जूडो, उशु, क्रिकेट सहित कई खेलों और एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया.
प्राचार्या ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि यह विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं. उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया. इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है. विद्यालय ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी.
