रामगढ़: झंडा चौक निवासी सुमित अग्रवाल हत्याकांड में गठित एसआईटी को बड़ी सफलता मिली है। मामले में दो मुख्य साजिशकर्ता सुमित सोनी व अभिषेक कुमार साव को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो चाकू और एक बुलेट मोटरसाइकिल (जेएच-24पी-4489) बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।
इसकी जानकारी डीएसपी मुख्यालय अकरम रजा ने सोमवार को एसपी कार्यालय में प्रेसवार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि सुमित अग्रवाल हत्याकांड की जांच एसआईटी कर रही है। एसआईटी ने मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहले ही मामले में न्यू कॉलोनी बगीचा, रामगढ़ निवासी संलिप्त अपराधी सूरज कुमार दास उर्फ छोटू को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस ने इस हत्याकांड के सह मुख्य साजिशकर्ता सुमित सोनी (23 वर्ष), पिता दशरथ प्रसाद सोनी, तथा अभिषेक कुमार साव (25 वर्ष), पिता अरुण साव, दोनों निवासी न्यू कॉलोनी बगीचा, रामगढ़ को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो चाकू व मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
उन्होंने बताया कि मामले का अनुसंधान जारी है तथा अन्य संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। सभी अपराधी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) अकरम रजा, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पाण्डेय, पुअनि बिरबल हेम्ब्रम, पुअनि विकास कुमार, पुअनि मनीष कुमार सिंह, पुअनि जॉनी कुमार, पुअनि रोशन बाड़ा, पुअनि रोशन कुमार, पुअनि मो. नौशद, रामगढ़ थाना तथा तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे।
