बरकाकाना: डीएवी नेशनल गेम्स के तहत डीएवी बरकाकाना में रविवार को दो दिवसीय राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता की शुरुआत हुई. प्रतियोगिता में डीएवी संस्थान के 30 विद्यालयों से करीब 400 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं.
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय कर्मशाला के वरीय प्रबंधक आशीष कुमार पति मौजूद रहे. उन्होंने मशाल जलाकर और गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया. इस दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला.
मुख्य अतिथि आशीष कुमार पति ने कहा कि खेल एकता, अनुशासन और जीत के लिए दृढ़ संकल्प की सीख देता है. खेल में जीत जहां खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है, वहीं हार से मिली सीख भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती है.
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला 30-32 किलोग्राम भार वर्ग के बालक वर्ग में डीएवी आरा के आयन अली और डीएवी बरियातू के अक्षित यादव के बीच हुआ. मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए डीएवी बरियातू के अक्षित यादव ने जीत दर्ज की.
विद्यालय के प्राचार्य बलराम झा ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में पढ़ाई के साथ खेलकूद की भी महत्वपूर्ण भूमिका है. खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों की छिपी प्रतिभा सामने आती है और इन्हीं प्रतिभाओं में से कई खिलाड़ी आगे चलकर अपने विद्यालय, परिवार और देश का नाम रोशन करते हैं.
