14 वर्षों बाद स्टेडियम निर्माण की उम्मीद जगी, ग्रामसभा में प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

गोला प्रखंड के पूरबडीह में स्टेडियम निर्माण के लिए ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित. 14 वर्षों से लंबित इस परियोजना से स्थानीय खिलाड़ियों में खुशी की लहर है.

गोला: गोला प्रखंड के पूरबडीह में लंबे समय से अधर में लटकी प्रखंड स्तरीय स्टेडियम निर्माण परियोजना को आखिरकार गति मिलती दिख रही है. गुरुवार को पंचायत सचिवालय पूरबडीह में आयोजित ग्रामसभा में वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया. अंचल अधिकारी गोला के निर्देश पर आयोजित इस बैठक में ग्रामीणों ने बिना किसी आपत्ति के प्रस्ताव का समर्थन किया. इससे वर्षों से लंबित स्टेडियम निर्माण का रास्ता आगे बढ़ता नजर आ रहा है.

एक हेक्टेयर भूमि पर बनेगा स्टेडियम

ग्रामसभा में पूर्व से मौजूद खेल मैदान को विकसित कर प्रखंड स्तरीय स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव रखा गया. इसके लिए लगभग एक हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गयी है. उपस्थित ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से अपनी सहमति दी और किसी भी व्यक्ति ने प्रस्ताव पर आपत्ति दर्ज नहीं करायी. ग्रामीणों का कहना है कि स्टेडियम बनने से क्षेत्र के खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें अभ्यास के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.

वनाधिकार अधिनियम के तहत पूरी की जा रही प्रक्रिया

गोला अंचल कार्यालय ने स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए वनाधिकार अधिनियम के तहत अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने की कार्रवाई शुरू की है. इसी क्रम में ग्रामसभा आयोजित कर आवश्यक प्रस्ताव पारित कराया गया. प्रस्तावित स्टेडियम पूरबडीह मौजा के खाता संख्या-114 एवं प्लॉट संख्या-1696 की लगभग तीन एकड़ गैरमजरूआ जंगल भूमि पर बनाया जाना प्रस्तावित है. ग्रामसभा से मिली सहमति के बाद अब संबंधित विभागों से आगे की स्वीकृतियां मिलने की उम्मीद बढ़ गयी है.

14 वर्षों से अधर में था स्टेडियम निर्माण

गौरतलब है कि पूरबडीह में प्रखंड स्तरीय स्टेडियम निर्माण की योजना करीब 14 वर्षों से लंबित है. प्रशासनिक और वन भूमि संबंधी औपचारिकताओं के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही थी. क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों द्वारा लगातार स्टेडियम निर्माण की मांग उठायी जाती रही है. स्थानीय युवाओं का कहना है कि स्टेडियम के अभाव में खेल प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रशिक्षण की सुविधा नहीं मिल पा रही है.

खबर के बाद तेज हुई प्रशासनिक पहल

उल्लेखनीय है कि प्रभात खबर ने गत 28 अप्रैल के अंक में गोला के पूरबडीह में 14 वर्षों से स्टेडियम निर्माण अधर में, खिलाड़ियों के सपनों पर लग गया ब्रेक शीर्षक से प्रमुखता के साथ समाचार प्रकाशित किया था. इसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भूमि हस्तांतरण और एनओसी की प्रक्रिया में तेजी लायी. ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद अब खिलाड़ियों और ग्रामीणों को उम्मीद है कि वर्षों पुराना सपना जल्द साकार होगा और गोला प्रखंड को अपना बहुप्रतीक्षित स्टेडियम मिलेगा.

सैकड़ों ग्रामीण थे मौजूद

बैठक की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया अलका महतो ने की. इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य जलेश्वर महतो, वन अधिकार समिति की अध्यक्ष बुधनी देवी, सचिव कालेश्वर महतो, अंचल अमीन जगेश्वर महतो, राजस्व कर्मचारी मनोज कुमार, महावीर महतो, संजय कुमार महतो, विशाल कुमार महतो, विकी कुमार, सचिन कुमार, रवि, सत्येंद्र महतो, देवचरण महतो, अजीत कुमार करमाली, पर्वत राम रविदास, प्रशांत कुमार दास, जयंत कुमार दांगी, अनूप कुमार, लक्ष्मी महतो, मेघनाथ कुमार महतो, उमेश करमाली, मोनू कुमार, रतीलाल महतो, कुंजलाल रविदास, सखी चंद महतो, राहुल कुमार, गौतम महतो, राकेश कुमार, उत्तम कुमार, ज्योति लाल महतो सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Raj Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >