गड्ढों और जलजमाव से बदहाल सोनडीहा-मंडाटांड़-चैनपुर सड़क, ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग

मांडू प्रखंड की सोनडीहा से चैनपुर रेलवे स्टेशन तक जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बेहद जर्जर हो चुकी है. बड़े-बड़े गड्ढों और जलजमाव के कारण राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है. दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने सरकार से जल्द मरम्मत की मांग की है.

चैनपुर. मांडू प्रखंड अंतर्गत सोनडीहा मंडाटांड़ से चैनपुर रेलवे स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बेहद जर्जर हो चुकी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. इनमें पानी जमा रहने से राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जलजमाव के कारण सड़क पर कीचड़ और गंदा पानी जमा हो जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.

यह सड़क स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं, रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों, किसानों और रेलकर्मियों के लिए भी महत्वपूर्ण मार्ग है. प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसी सड़क से होकर आवागमन करते हैं. सड़क पर जमा गंदा पानी कई बार आसपास के घरों में भी प्रवेश कर जाता है, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ती है. वहीं, फिसलन और गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है. रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है.

गौरतलब है कि यह सड़क सोनडीहा-भदवा क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाती है और दोनों गांवों को एक-दूसरे से जोड़ती है. चैनपुर रेलवे स्टेशन तक पहुंचने का यह प्रमुख मार्ग होने के कारण दिन-रात लोगों का आवागमन जारी रहता है. सड़क की बदहाली के कारण स्थानीय लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. प्रभावित ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत एवं निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है.

क्या कहते हैं स्थानीय ग्रामीण

सड़क से प्रभावित स्थानीय शिक्षक विश्वजीत गुप्ता ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति का खामियाजा ग्रामीणों को रोजाना भुगतना पड़ रहा है. आवागमन में काफी कठिनाई होती है और आये दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है.

चैनपुर स्टेशन रोड निवासी श्वेता देवी ने बताया कि रेलवे स्टेशन, सोनडीहा सहित अन्य जगहों पर जाने में काफी परेशानी होती है. फिसलन भरी कीचड़ के कारण कई बार सड़क पर चलना तक मुश्किल हो जाता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

सोनडीहा निवासी शंकर प्रसाद ने कहा कि सड़क पिछले कई वर्षों से जर्जर स्थिति में है, लेकिन इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है. विद्यालय जाने और छुट्टी के समय लौटने वाले स्कूली बच्चों सहित अभिभावकों को काफी कठिनाई होती है. लोग सड़क से होकर आने-जाने से बचना चाहते हैं, किंतु उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >