गोला: गोला प्रखंड के डीवीसी चौक पर रविवार को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में आदिवासी समाज के लोगों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस दौरान लोगों ने एकजुट होकर डीवीसी चौक का नामकरण दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नाम पर करने की मांग को एक बार फिर जोरदार तरीके से उठाया.
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आदिवासी समाज के अधिकारों एवं पहचान के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया. उनके सम्मान में डीवीसी चौक का नाम शिबू सोरेन चौक किया जाना समाज की भावनाओं के अनुरूप होगा. लोगों ने आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, भाषा और अधिकारों की रक्षा के साथ सामाजिक एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम के बाद सभी लोग सामूहिक रूप से रामगढ़ समाहरणालय के समीप स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थल पर आयोजित विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना हुए. इस दौरान लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया.
गौरतलब है कि झारखंड आंदोलनकारी एवं आदिवासी समाज के लोगों द्वारा डीवीसी चौक का नामकरण शिबू सोरेन चौक करने की मांग को लेकर पूर्व में रामगढ़ उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है. वहीं, शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस के अवसर पर एक दिन पूर्व कुर्मी समाज के लोगों ने डीवीसी चौक का नामकरण शहीद निर्मल महतो चौक करने की मांग उठाई थी. एक ही चौक के नामकरण को लेकर दो अलग-अलग मांग सामने आने से क्षेत्र में मामला संवेदनशील होता नजर आ रहा है.
लोगों ने प्रशासन से दोनों पक्षों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पहल करने और आपसी सहमति से उचित समाधान निकालने की मांग की है. मौके पर पूर्व जिला परिषद सदस्य गोविंद मुंडा, कपिल मुंडा, सुनील राज चक्रवर्ती, अजीत करमाली, शिव मुंडा, दीपक मुंडा, हरिचरण मुंडा, मंसू हेंब्रम, भोला मांझी, अमूल्य उपाध्याय, लखी करमाली सहित कई लोग मौजूद थे.
