उरीमारी: सयाल में शिव शक्ति महिला समिति की ओर से रविवार को सावन मिलन समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में समिति से जुड़ी महिलाओं के अलावा क्षेत्र की कई महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. इस दौरान महिलाओं ने सावन के गीत, लोकगीत, नृत्य और विभिन्न मनोरंजक खेलों का आनंद लिया और एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं.
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना से हुई. पूजा के बाद महिलाओं ने सामूहिक रूप से हर-हर महादेव के जयकारे लगाये. इसके बाद सावन मिलन समारोह में गीत-संगीत, नृत्य और मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया. महिलाओं ने सावन के पारंपरिक लोकगीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया.
समारोह के दौरान सुहागिन महिलाओं ने एक-दूसरे को सुहाग सामग्री भेंट कर आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया. विभिन्न खेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया.
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि झारखंड उच्च न्यायालय की अधिवक्ता प्रियंका तिवारी ने महिलाओं को सावन मिलन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर देते हैं. सावन भारतीय संस्कृति में आस्था, उमंग और हरियाली का पर्व है. महिलाओं का मिल-जुलकर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करना समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने की दिशा में सराहनीय पहल है.
प्रियंका तिवारी ने शिव शक्ति महिला समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन आगे भी निरंतर होते रहने चाहिए. समारोह में गुड़िया देवी, सीमा देवी, मधु सिंह, गायत्री देवी, सोनी कुमारी, गीता देवी और जानकी देवी समेत कई महिलाएं मौजूद थीं.
