पतरातू : पतरातू ट्रक ओनर्स एसोसिएशन और बालू घाट के पार्टनरों के बीच बुधवार को अंचलाधिकारी कार्यालय में बैठक आयोजित की गई. बैठक में अंचलाधिकारी मनोज चौरसिया समेत ट्रक एसोसिएशन के लोग मौजूद थे. बैठक के दौरान बालू घाट संचालकों ने बालू व चालान की दरों की जानकारी दी, लेकिन ट्रक मालिकों ने प्रस्तावित दरों पर असहमति जताई.
बैठक के दौरान स्टॉकयार्ड के मुख्य मालिक की अनुपस्थिति के कारण किसी ठोस निर्णय पर सहमति नहीं बन सकी. दोनों पक्षों के बीच दरों को लेकर चर्चा हुई, लेकिन मामला लंबित रह गया.
स्टॉकयार्ड के पार्टनरों ने ट्रक एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि वे मुख्य मालिक को गुरुवार को बैठक में शामिल होने के लिए बुलाएंगे. इसके बाद सभी पक्षों को सूचना देकर तय स्थान पर पुनः बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि बालू की दर व अन्य संबंधित मुद्दों पर अंतिम निर्णय लिया जा सके.
