रामगढ़ से संजय शुक्ला की रिपोर्ट
रामगढ़ . रामगढ़-हजारीबाग फोरलेन स्थित गोबरदरहा चौक के समीप सोमवार की अहले सुबह दो ट्रक की आमने-सामने टक्कर हुयी. घटना में पाइप लदे ट्रक का चालक व खलासी केबिन में बुरी तरह फंस गये. करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला जा सका. दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया.
केबिन में फंस गये चालक और खलासी
जानकारी के अनुसार रांची से हजारीबाग की ओर जा रहे पाइप लदे ट्रक संख्या यूपी 41 बीटी 4778 की विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक संख्या जेएच 10 सीएम 0221 से सीधी टक्कर हुयी. घटना के बाद पाइप लदे ट्रक के चालक मुलायम यादव व खलासी हरिकेश यादव केबिन में फंस गये.
चार घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया बाहर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने एनएचएआई की रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद खलासी हरिकेश यादव व चालक मुलायम यादव को भी क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे रिम्स रेफर कर दिया गया.
दुर्घटना के बाद लगा लंबा जाम
घटना के बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया.
