भुरकुंडा: सौंदा बस्ती पारटांड़ मैदान में आयोजित तीन दिवसीय 20वीं सब जूनियर राज्य स्तरीय बालक खो-खो प्रतियोगिता का खिताब रामगढ़ की टीम ने जीत लिया है. फाइनल में टीम ने हजारीबाग को सात अंक से हराया. कोडरमा की टीम तीसरे व देवघर की टीम चौथे स्थान पर रही. मुख्य अतिथि विधायक रोशनलाल चौधर व विशिष्ट अतिथि समाजसेवी गजानंद प्रसाद ने टीमों को पुरस्कृत किया.
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री चौधरी ने कहा कि खेलकूद हमें अनुशासित रहते हुए अपने लक्ष्य की तरफ बढ़ने की प्रेरणा देता है. इस खेल से हम अपने जीवन के लिए भी कई बातों को सीख सकते हैं. उन्होंने खो-खो संघ को इस आयोजन के लिए प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता से कई अच्छे खिलाड़ी उभरे हैं. विशिष्ट अतिथि गजानंद प्रसाद ने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा होता है. अपने पराजय से सबक लेते हुए आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए कमियों को दूर करने का प्रयास करना चाहिए.
मौके पर अमित प्रसाद, अखिलेश प्रसाद, दयानंद प्रसाद, बसंत प्रसाद, अंबर प्रसाद, झरी मुंडा, किशोर महतो उपस्थित थे. प्रतियोगिता को सफल बनाने में झारखंड खो-खो संघ के महासचिव संतोष प्रसाद, जिला संघ सचिव नवीन कुमार ठाकुर, आयोजन समिति अध्यक्ष बालेश्वर मुंडा, सचिव राहुल कुमार, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा, कवि मुंडा, अजीत मुंडा, नवीन महतो, भास्कर महतो, अजीत प्रसाद, अशोक कुमार, सुजय कालिंदी, प्रणव कुमार, कृष मुंडा का योगदान रहा.
