रामगढ़ के स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा स्थायी ठिकाना, नगर विक्रेता समिति की बैठक में कई अहम फैसले

Ramgarh Street Vendors: रामगढ़ में नगर विक्रेता समिति की बैठक में स्ट्रीट वेंडर्स के लिए स्थायी वेंडिंग जोन विकसित करने का निर्णय लिया गया. व्यवसाय के अनुसार स्टॉल आवंटित होंगे, सभी विक्रेताओं का पंजीकरण और पहचान पत्र जारी किया जाएगा. वेंडिंग जोन में स्वच्छता, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी.

Ramgarh News: रामगढ़ के स्ट्रीट वेंडर्स को भी अब स्थायी ठिकाना मिलेगा. स्ट्रीट वेंडर्स को जीविकोपार्जन के लिए व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने पर बुधवार को छावनी परिषद कार्यालय में नगर विक्रेता समिति (टीवीसी) की अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक के अध्यक्षता छावनी अधिशासी अधिकारी सह अध्यक्ष नगर विक्रेता समिति विवेक सिंह ने की. बैठक में स्ट्रीट वेंडर्स के लिए वेंडिंग जोन डेवलप करने और उन्हें व्यवस्थित ढंग से स्थान आवंटित करने पर सहमति बनी.

व्यवसाय के अनुसार होगा वर्गीकरण

बैठक में निर्णय लिया गया कि फल, सब्जी, मांस, चिकन, मछली, रेडीमेड कपड़े और अन्य सामान बेचने वाले विक्रेताओं को उनके व्यवसाय के अनुसार अलग-अलग श्रेणियों में बांटा जाएगा. साथ ही क्षेत्रवार स्टॉल निर्धारित किए जाएंगे, ताकि यातायात और साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर हो सके.

नए बस स्टैंड में बनाए गए वेंडिंग जोन

फल और सब्जी विक्रेताओं के लिए नए बस स्टैंड के पास ब्लॉक A, B, C, D और E को चिह्नित किया गया है. वहीं मांस, चिकन और मछली विक्रेताओं के लिए ब्लॉक F और G निर्धारित किए गए हैं, जहां स्वच्छता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा.

खाद्य विक्रेताओं के लिए बनेगा चौपाटी क्षेत्र

बैठक में यह भी तय हुआ कि खाद्य सामग्री बेचने वाले विक्रेताओं के लिए अलग से चौपाटी क्षेत्र विकसित किया जाएगा, ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके.

स्टॉल का साइज तय, मिलेगी बुनियादी सुविधाएं

सभी स्ट्रीट वेंडर्स के स्टॉल का अधिकतम आकार 8×6 फीट निर्धारित किया गया है. वेंडिंग जोन में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और आवागमन की सुविधा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.

रजिस्ट्रेशन और पहचान पत्र की प्रक्रिया होगी शुरू

समिति ने निर्णय लिया कि सभी स्ट्रीट वेंडर्स का रजिस्ट्रेशन कर उन्हें पहचान पत्र जारी किया जाएगा और नियमानुसार स्थान आवंटित किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें: धनबाद और देवघर के बाद गिरिडीह प्रधान डाकघर को भी उड़ाने की धमकी, मेल में अभिनेत्री की टिप्पणी पर जताई गई आपत्ति

प्रशासन ने स्वच्छता मानकों के पालन का दिया निर्देश

बैठक में सभी विक्रेताओं को निर्देश दिया गया कि वे निर्धारित नियमों और स्वच्छता मानकों का पालन करें, ताकि शहर को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाया जा सके.

इसे भी पढ़ें: रामगढ़ में हल्की बारिश से किसानों की खिल उठीं बांछें, अब अंकुर जाएंगे खेत में बोए बिचड़ा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumarvishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >