रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट
Ramgarh Rural Development: ग्रामीण विकास विभाग की अलग-अलग योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित की गई. बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जरूरी निर्देश दिए गए.
रिक्त पदों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश
समीक्षा के दौरान डीसी ने ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत रिक्त पदों की अपडेट सूची तैयार कर स्थापना शाखा को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, जिससे कि जरूरी कार्रवाई की जा सके.
अबुआ आवास और पीएम आवास योजना की हुई समीक्षा
अबुआ आवास योजना की समीक्षा करते हुए डीसी ने सभी आवास कोऑर्डिनेटरों को निर्देश दिया कि जिन आवासों का तीसरी किस्त का भुगतान हो चुका है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा कराया जाए. वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत प्राप्त लक्ष्य के विरुद्ध न्यूनतम 70 प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश सभी प्रखंड समन्वयकों को दिया गया.
प्रधानमंत्री जनमन और अंबेडकर आवास योजना पर जोर
प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत तीसरी किस्त प्राप्त कर चुके आवासों को आगामी माह तक पूरा कराने का निर्देश देते हुए उपायुक्त ने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने पर बल दिया. इसके अतिरिक्त अंबेडकर आवास योजना के तहत लंबित आवासों में से कम से कम 50 प्रतिशत आवासों को जल्द पूर्ण कराने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया.
मनरेगा में भागीदारी बढ़ाने का निर्देश
मनरेगा कार्यों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने मानव दिवस सृजन में महिलाओं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदाय की सहभागिता बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने का निर्देश दिया. साथ ही सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों (बीपीओ) को मनरेगा के तहत पूरी हो चुकी और पूरी होने वाली योजनाओं की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, जिससे कि योजनाओं की प्रगति की निगरानी की जा सके.
डीसी की अपील
डीसी ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग की सभी योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास से सीधे जुड़ी हुई हैं. इसलिए सभी अधिकारी और कर्मी निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ काम करें. उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
यह भी पढ़ें: कौन हैं कांग्रेस को पटखनी देने वाले परिमल नथवाणी? जानिए मुकेश अंबानी के ‘राइट हैंड’ की कहानी
यह भी पढ़ें: कौन हैं बैजनाथ राम, जिन्होंने झारखंड से जीता राज्यसभा चुनाव?
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: बैजनाथ राम और परिमल नथवाणी ने मार ली बाजी, बिखर गया महागठबंधन का कुनबा
