रामगढ़ से संजय शुक्ला की रिपोर्ट
रामगढ़ पुलिस अधीक्षक रामगढ़ मुकेश कुमार लुणायत ने मंगलवार को एसपी सभागार में डीसीएमपी के कार्यों की समीक्षा की. बैठक में अपराध नियंत्रण, सक्रिय अपराधियों की निगरानी और कांडों के त्वरित उदभेदन को लेकर चर्चा की गयी.
एसपी ने अपराधियों के ड्यूल क्रिमिनल वेरिफिकेशन, डिजिटल प्रोफाइलिंग और नियमित मॉनिटरिंग को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया. डिजिटल प्रोफाइलिंग के माध्यम से एक जनवरी 2021 से 31 मार्च 2026 तक के विभिन्न कांडों में शामिल 1,971 अपराधियों को चिह्नित किया गया है. इनमें रामगढ़ जिले के 1,374, दूसरे जिलों के 458 तथा झारखंड के बाहर के 139 अपराधी शामिल हैं.
258 आरोप-पत्रित अपराधियों की डिजिटल प्रोफाइल तैयार
पुलिस ने पिछले एक माह में विशेष अभियान चला कर आर्म्स एक्ट, रंगदारी, एनडीपीएस एक्ट, डकैती, लूट एवं छिनतई से जुड़े 258 आरोप-पत्रित अपराधियों का डिजिटल प्रोफाइल तैयार कर पोर्टल पर अपलोड किया है.
सत्यापन के बाद 28 अपराधियों के खिलाफ सीसीए के तहत प्रस्ताव तैयार किया गया है. इनमें चार अपराधियों के लिए जिला बदर, 22 के लिए थाना हाजिरी तथा दो के लिए निरुद्धादेश का प्रस्ताव शामिल है.
इसके अलावा 131 अपराधियों के खिलाफ निगरानी प्रस्ताव, 33 अपराधियों को गुंडा पंजी में शामिल करने तथा 74 अपराधियों के खिलाफ धारा 129 के तहत कार्रवाई की गयी है.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ में टोटो चालक शिव भुईयां ने पेश की ईमानदारी की मिशाल, सड़क पर मिले 35 हजार रुपये लौटाये
अपराधियों का नियमित भौतिक सत्यापन करने का निर्देश
एसपी ने अपराधियों का भौतिक सत्यापन कराने के साथ उनकी अन्य जानकारियों को भी नियमित रूप से अपडेट करने का निर्देश दिया. उन्होंने थाना स्तर पर अपराधियों से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान, अपराध विश्लेषण तथा कांडों के त्वरित उदभेदन में डिजिटल प्रोफाइलिंग पोर्टल की जानकारी का प्रभावी उपयोग करने को कहा.
चोरी और वाहन चोरी के अपराधियों की भी होगी प्रोफाइलिंग
एसपी ने अगले एक माह में चोरी, गृहभेदन एवं वाहन चोरी से जुड़े मामलों में एक जनवरी 2021 से 31 मार्च 2026 तक रामगढ़ जिले के अपराधियों का सत्यापन कर उनकी डिजिटल प्रोफाइल पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया.
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन, पुलिस निरीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी समेत संबंधित नोडल पदाधिकारी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ में बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, 70 ग्राम सोना और 2 किलो चांदी ले उड़े चोर
