रामगढ़. शहर के गोलपार निवासी मोटर पार्ट्स कारोबारी अली रजा ने रामगढ़ थाना में मारपीट, छिनतई और स्कूटी क्षतिग्रस्त करने का मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने मामले में हीरो शोरूम के बगल निवासी सौरभ यादव समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार घटना 19 जुलाई की दोपहर करीब दो बजे की है. अली रजा मोटर पार्ट्स का सामान लेने चाना चौक स्थित हीरो शोरूम जा रहे थे. इसी दौरान थाना चौक के पास सौरभ यादव अपने तीन साथियों के साथ उन्हें रोककर गाली-गलौज करने लगा.
अली रजा ने आरोप लगाया है कि सौरभ यादव ने हाथ में पहने लोहे के कड़े से उनके चेहरे पर हमला किया, जिससे वह स्कूटी से गिर गये. इसके बाद आरोपियों ने जमीन पर गिरे अली रजा के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गये. आरोप है कि मारपीट के दौरान उनकी जेब से चार हजार रुपये छीन लिये गये और स्कूटी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया.
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह अली रजा को आरोपियों से बचाया. इसके बाद घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
