रामगढ़. जिला में गुरुवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और विकासात्मक गतिविधियां आयोजित की गयी. जिला समाहरणालय परिसर से जिले में उत्पादित आम की एक खेप को हरी झंडी दिखा कर यूनाइटेड किंगडम के लिए रवाना किया गया. यह आम पतरातू, दुलमी और मांडू प्रखंडों के किसानों द्वारा उत्पादित किया गया है. खेप को पहले कोलकाता भेजा जायेगा. यहां आवश्यक गुणवत्ता जांच और प्रक्रिया के बाद इसे यूके निर्यात किया जायेगा. उपायुक्त ने कहा कि यह पहल किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने बताया कि प्रशासन किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और विपणन सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रहा है. नशामुक्त समाज निर्माण को लेकर जागरूकता अभियान : नशामुक्त समाज निर्माण को लेकर जागरूकता अभियान की शुरुआत की गयी. उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को नशीले पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के खिलाफ शपथ दिलायी. जागरूकता रथ को भी रवाना किया गया. यह विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगा. अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक, जन-जागरूकता कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने की योजना है. यह कार्यक्रम जिला समाज कल्याण विभाग और जेएसएलपीएस के तत्वावधान में आयोजित किया गया. 15 जून तक विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश : मतदाता मैपिंग कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गयी. बैठक में कम प्रगति वाले मतदान केंद्रों को चिह्नित करते हुए 13 से 15 जून तक विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अनमैप्ड मतदाताओं की सूची तैयार कर कारणों का स्पष्ट उल्लेख किया जाये और समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाये. कैंप मोड में कार्य करते हुए माइकिंग, ग्राम चौपाल, चुनाव पाठशाला और अन्य जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक मतदाताओं को इस प्रक्रिया से जोड़ा जाये.
रामगढ़ से दो टन आम भेजा गया यूके, किसानों की मेहनत को मिला वैश्विक बाजार
रामगढ़ से दो टन आम भेजा गया यूके, किसानों की मेहनत को मिला वैश्विक बाजार
