गोला से राजकुमार की रिपोर्ट
गोला. रामगढ़ जिले के विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है. बरलंगा से गोला-मुरी पथ के 4.830 किलोमीटर लंबे हिस्से के निर्माण कार्य के लिए झारखंड सरकार की कैबिनेट ने 756 करोड़ 85 लाख सात हजार 900 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है. इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है.
टू लेन सड़क के साथ कई महत्वपूर्ण कार्य होंगे
स्वीकृत योजना के तहत बरलंगा-गोला-मुरी पथ को टू लेन के रूप में विकसित किया जायेगा. सड़क निर्माण के साथ पक्के शोल्डर का भी प्रावधान किया गया है. इसके अलावा परियोजना में आरओबी और पुल निर्माण का कार्य भी शामिल है. सड़क निर्माण के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण तथा पौधरोपण की योजना भी स्वीकृति में शामिल की गयी है.
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों का संपर्क होगा मजबूत
इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी इलाकों के बीच संपर्क और मजबूत होने की उम्मीद है. बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी. किसानों, छोटे कारोबारियों और स्थानीय व्यापारियों को भी इसका लाभ मिलने की संभावना है. सड़क के बेहतर होने से आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं.
क्षेत्रवासियों ने सरकार के फैसले का किया स्वागत
बरलंगा-गोला-मुरी पथ की स्वीकृति को स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है. लोगों का कहना है कि लंबे समय से बेहतर सड़क सुविधा की आवश्यकता महसूस की जा रही थी. परियोजना के पूरा होने के बाद आवागमन सुगम होने के साथ क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी.
सामाजिक और आर्थिक विकास को गति
स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने की दिशा में लिये जा रहे फैसलों की सराहना की. लोगों का कहना है कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने से किसी भी क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलती है.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ में SIR का विशेष कैंप, नोटिस वाले मतदाताओं की मैपिंग और फॉर्म भरने का काम जारी
विधायक ममता देवी की सक्रियता की भी चर्चा
क्षेत्र के विकास को लेकर रामगढ़ विधायक ममता देवी की सक्रियता की भी स्थानीय लोगों ने प्रशंसा की है. लोगों का कहना है कि विधायक द्वारा सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया जाता रहा है. बरलंगा-गोला-मुरी पथ की स्वीकृति को क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: गोला में अलग-अलग तीन सड़क हादसों में एक युवक की मौत, पांच घायल
रोजगार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ
परियोजना के धरातल पर उतरने के बाद न केवल आवागमन की सुविधा बेहतर होगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों, रोजगार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलने की उम्मीद है. बरलंगा-गोला-मुरी पथ का निर्माण रामगढ़ जिले में आधारभूत संरचना के विस्तार की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है.
