रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट रामगढ़ जिले के सभी सरकारी माध्यमिक एवं प्लस टू विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों (एचएम) के साथ उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में मंगलवार को एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रोजेक्ट रेल और आकलन परीक्षा के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया गया.
इस दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर बल दिया और मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का स्पष्ट निर्देश दिया.
विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं और पठन-पाठन पर जोर
बैठक के दौरान विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं, निर्माण कार्य, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और रख-रखाव की विस्तृत समीक्षा की गई. उपायुक्त ने मध्याह्न भोजन, पाठ्ययोजना, विद्यालय रूटीन, पुस्तकालय, शौचालय, स्टॉक पंजी और विज्ञान प्रयोगशाला का नियमित व सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
कल्याणकारी योजनाओं और अभिलेखों के अद्यतन का निर्देश
छात्रों से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं जैसे छात्रवृत्ति, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, आईएफए व एल्बेंडाजोल वितरण की प्रगति भी आंकी गई. इसके साथ ही एफआईएलओ कार्यक्रम, केपीएमजी रिपोर्ट और जिले के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया.
बैठक में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील, जिला शिक्षा अधीक्षक खुशबू कुमारी, डीएमएफटी टीम व सभी प्रधानाध्यापक मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ DC की अध्यक्षता में लगा जनता दरबार, पेंशन और भूमि विवाद की सुनी गई समस्याएं
