Ramgarh: प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 में मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

Ramgarh: रामगढ़ में आयोजित प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 में मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. समारोह में विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया. पूरी खबर नीचे पढ़ें…

भागीरथ महतो/राजकुमार की रिपोर्ट
Ramgarh: टाउन हॉल में आयोजित प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 में 10वीं और 12वीं के सैकड़ों मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ डीसी ऋतुराज, एसपी मुकेश कुमार लुणायत और वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया. प्रभात खबर टीम ने सभी अतिथियों का बुके व मोमेंटो देकर स्वागत व सम्मान किया. समारोह स्थल पर शुरुआत से ही उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला. समारोह में जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे थे. सम्मान पाकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अधिकारियों से प्रश्न भी किए, जिनका जवाब उन्होंने बड़े अच्छे ढंग से दिया.

सही निर्णय और निरंतर प्रयास से बनता है उज्ज्वल भविष्य

उपायुक्त ऋतुराज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारण, सही निर्णय और निरंतर मेहनत बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि 10वीं व 12वीं के बाद विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार दिशा तय करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति को जागरूक व जिम्मेदार नागरिक बनाती है. जिला प्रशासन विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देने के लिए प्रतिबद्ध है.

लोगों को संबोधित करते डीसी ऋतुराज

एसपी का संदेश: ऊंचे सपने देखें, लेकिन जमीन से जुड़े रहें

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने कहा कि विद्यार्थियों के सपनों की उड़ान ऊंची होनी चाहिए, लेकिन उनकी नींव जमीन से जुड़ी होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि सफलता के साथ विनम्रता, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी बनाए रखना भी जरूरी है. कठिनाइयों से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए.

लोगों को संबोधित करते एसपी मुकेश कुमार लुणायत

शिक्षा व्यक्तित्व और सोच को करती है मजबूत

वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार ने कहा कि शिक्षा केवल अच्छे अंक लाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के व्यक्तित्व, अनुशासन और सोच को मजबूत बनाती है. उन्होंने विद्यार्थियों को असफलताओं से निराश न होने और हर अनुभव से सीख लेकर आगे बढ़ने की सलाह दी.

मेधावी विद्यार्थियों को संबोधित करते डीएफओ नीतीश कुमार

टॉपर्स को मंच पर मिला विशेष सम्मान

समारोह के दौरान जैक, सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड के 10वीं व 12वीं के टॉपर विद्यार्थियों को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया. वक्ताओं ने कहा कि ऐसे मेधावी छात्र जिले की पहचान हैं और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनते हैं.

सम्मानित विद्यार्थीगण

सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बढ़ाया उत्साह, गायक ने बांधा समां

कार्यक्रम में सांस्कृतिक व संगीत प्रस्तुति भी आयोजित की गई. गायक समरेश कुमार कुशवाहा ने अपनी प्रस्तुति से पूरे हॉल को उत्साहित कर दिया. विद्यार्थियों व अभिभावकों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया.

शिक्षा के साथ संस्कार और जिम्मेदारी पर दिया गया जोर

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों को केवल अंक तक सीमित न रहकर अपने व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी पर ध्यान देने की सलाह दी. समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और कार्यक्रम को यादगार बनाया.

ये भी पढ़ें…

रामगढ़ में दुस्साहस: CCL चेकपोस्ट पर अपराधियों ने की फायरिंग, धमकी देकर फरार

पीवीयूएनएल की तीसरी 800 मेगावाट इकाई मार्च 2027 तक होगी चालू, स्थानीय युवाओं के रोजगार पर रहेगा विशेष जोर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amleshnandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >