गोला. गोला थाना क्षेत्र के कमता गांव के समीप भैरवी नदी के किनारे रविवार को पुलिस ने अवैध महुआ शराब निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. चार अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गये. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में महुआ शराब, जावा महुआ एवं शराब बनाने के उपकरण बरामद किये हैं. जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि भैरवी नदी किनारे अवैध महुआ शराब भट्ठी संचालित कर महुआ शराब तैयार की जा रही है. इसकी सप्लाई गोला और रजरप्पा थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर की जा रही है. सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए रामगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी. छापेमारी टीम जब भैरवी नदी किनारे पहुंची, तो वहां पांच से छह लोग अवैध शराब निर्माण करते मिले. पुलिस को देखते ही आरोपी जंगल एवं नदी किनारे का फायदा उठा कर भागने लगे. पुलिस ने घेराबंदी कर सिकनी निवासी दशरथ महतो को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गये. पुलिस ने मौके से करीब 120 लीटर महुआ शराब, 600 किलो जावा महुआ, पांच बड़े तसले, चार जार तथा दो पुरानी साइकिल बरामद की है. पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. छापेमारी दल में सीडीपीओ आलोक रंजन, इंस्पेक्टर पंकज कुमार, थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, एसआइ स्वामी रंजन ओझा, कुमार प्रभात रंजन, एएसआइ संजय गोराई, बहादुर महतो, तहसीन अहमद एवं पैंथर पुलिस के जवान शामिल थे.
भैरवी नदी किनारे अवैध महुआ शराब भट्ठी पर पुलिस ने की कार्रवाई, एक गिरफ्तार
भैरवी नदी किनारे अवैध महुआ शराब भट्ठी पर पुलिस ने की कार्रवाई, एक गिरफ्तार
