सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया, तीन लोग हुए हैं कैद, मामला दर्ज गिद्दी. गिद्दी चेकपोस्ट व लोकल सेल के वाहनों में गुरुवार की रात की गयी आगजनी की घटना को लेकर गिद्दी पुलिस ने जांच तेज कर दी है. कोलियरी प्रबंधन की लिखित शिकायत पर गिद्दी थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस गिद्दी परियोजना में कुछ लोगों से पूछताछ कर चुकी है. सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है. पुलिस का कहना है कि इस घटना में शामिल सभी लोगों की गिरफ्तारी जल्द की जायेगी. गिद्दी थाना प्रभारी राणा भानु प्रताप सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया से लगता है कि रंजिश से अराजक तत्वों ने घटना को अंजाम दिया है. सभी बिंदुओं पर इसकी जांच की जा रही है. इस घटना से गिद्दी परियोजना के कर्मियों व लोकल सेल के लोगों में हड़कंप है. सीसीटीवी कैमरा में एक व्यक्ति पेट्रोल छिड़कते और दो व्यक्ति माचिस की तिल्ली से आग लगाते हुए कैद हुए हैं. सुरक्षाकर्मियों का कहना है कि इस घटना में छह लोग दिखायी दिये थे. वह लोग चेकपोस्ट पैदल पहुंचे थे. हालांकि, तीन लोग सीसीटीवी कैमरे में कैद नहीं हुए हैं. असामाजिक तत्वों ने जिस ढंग से घटना को अंजाम दिया है, उससे लगता है कि उनकी मंशा सिर्फ डर पैदा करने की है. हालांकि, कुछ लोग मान रहे हैं कि इस घटना को अपराधकर्मियों ने ही अंजाम दिया है.
गिद्दी में आगजनी को लेकर गिद्दी पुलिस ने की जांच
गिद्दी में आगजनी को लेकर गिद्दी पुलिस ने की जांच
