Ramgarh: पुलिसकर्मी पर हमला के आरोप में छह नामजद सहित 20-25 लोगों पर एफआईआर

Ramgarh: रामगढ़ में एक पुलिसकर्मी पर कथित हमले के मामले में छह नामजद और 20-25 अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

रामगढ़ से संजय शुक्ला की रिपोर्ट
Ramgarh: रामगढ़ यातायात थाना में पदस्थापित सअनि शंकर कुमार ने छह नामजद सहित 20-25 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी में भीड़ को उकसाने, जान से मारने की नियत से हमला करने और पुलिस ड्यूटी में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है.

नईसराय चौक पर जाम के दौरान हुई घटना

दर्ज आवेदन में सअनि शंकर कुमार ने कहा है कि 17 जून की शाम यातायात प्रभारी के निर्देश पर वह नईसराय यातायात पोस्ट पहुंचे थे. वहां सड़क दुर्घटना के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई थी. ड्यूटी पर तैनात सअनि सुरेंद्र मंडल ने उन्हें बताया कि हाइवा की चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हुआ था, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था. बाद में अस्पताल द्वारा उसे मृत घोषित कर दिए जाने के बाद परिजनों ने शव को नईसराय चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया. रामगढ़ थाना प्रभारी द्वारा उन्हें यातायात व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देशित किया गया था.

भीड़ को उकसाने का आरोप

आवेदन के अनुसार, इसी दौरान कश्मीर वस्त्रालय के निकट लिट्टी दुकान चलाने वाला चंदन चौक पर मौजूद भीड़ को पुलिस के खिलाफ उकसाने लगा. आरोप है कि उसने पुलिसकर्मी की ओर इशारा करते हुए भीड़ से हमला करने की बात कही. इसके बाद चंदन के उकसाने पर पप्पू, सलमान, गौतम, काशिब, गोल्डन पानी वाले के दो पुत्रों सहित 20-25 लोग गाली-गलौज करते हुए पुलिसकर्मियों की ओर पत्थर फेंकते हुए दौड़ पड़े.

ईंट मारने व पत्थरबाजी का आरोप

सअनि शंकर कुमार ने आरोप लगाया है कि भीड़ को समझाने और रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन इसी दौरान फरीद ने जान मारने की नियत से ईंट का टुकड़ा उनके सीने पर मार दिया, जिससे वह गिर पड़े. उन्होंने बताया कि सअनि सुरेंद्र मंडल पर भी पत्थर फेंका गया, जिससे उनके पैर में चोट लगी. गिरने के बाद भी भीड़ उन पर हमला करने के लिए टूट पड़ी. बाद में वे किसी तरह उठकर सअनि सुरेंद्र मंडल के साथ राजू चाय दुकान में घुस गए और अपनी जान बचायी.

सदर अस्पताल में कराया गया इलाज

घटना के बाद रामगढ़ थाना पुलिस द्वारा दोनों घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. आवेदन में नामजद आरोपियों एवं अन्य लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गयी है.

ये भी पढ़ें…

कौन हैं कांग्रेस को पटखनी देने वाले परिमल नथवाणी? जानिए मुकेश अंबानी के ‘राइट हैंड’ की कहानी

कौन हैं बैजनाथ राम, जिन्होंने झारखंड से जीता राज्यसभा चुनाव?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >