गोला. बरलंगा थाना क्षेत्र के लुकैयाटांड़ में गुरुजी शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होने आये गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश निवासी राघव प्रसाद के एटीएम कार्ड से 71 हजार रुपये की अवैध निकासी के मामले में बरलंगा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पुलिस की तत्परता और तकनीकी सेल की मदद से मामले का उद्भेदन करते हुए धनबाद और बोकारो से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार गत चार अगस्त को राघव प्रसाद गुरुजी की प्रथम पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लुकैयाटांड़ पहुंचे थे. इसी दौरान उनका पर्स चोरी हो गया.
पर्स में एटीएम कार्ड सहित कई जरूरी कागजात थे. बताया गया कि एटीएम कार्ड के साथ उसका पिन नंबर भी लिखा हुआ था. इसका फायदा उठाकर आरोपियों ने बैंक ऑफ इंडिया, बनतारा गोला शाखा स्थित एटीएम से अलग-अलग निकासी करते हुए कुल 71 हजार रुपये निकाल लिये. घटना की जानकारी मिलने के बाद बरलंगा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी सेल की सहायता से जांच शुरू की.
एटीएम से हुई निकासी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची. थाना प्रभारी अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार तीन दिनों तक धनबाद और बोकारो के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की. अंततः दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली.
थाना प्रभारी ने बताया कि उक्त मामले में केस दर्ज करने के बाद अनिल राम (पिता स्व बिनोद राम), निवासी जगजीवन नगर, थाना सरायढेला, जिला धनबाद तथा सिकंदर राम, (पिता स्व ननका राम), निवासी फुटबॉल ग्राउंड के पास, थाना बीटीपीएस, जिला बोकारो शामिल हैं. पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है. खासकर थाना प्रभारी अशोक कुमार के नेतृत्व में लगातार तीन दिनों तक की गई छापेमारी और तकनीकी सेल की मदद से सफलता मिली.
