आठ वार्डों में शांतिपूर्ण मतदान, सुबह सात से शाम पांच बजे तक जुटे रहे मतदान कर्मी

रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत 32 वार्डों में हो रहे नगर परिषद चुनाव के तहत आठ वार्डों में मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया

कुजू. रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत 32 वार्डों में हो रहे नगर परिषद चुनाव के तहत आठ वार्डों में मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया. सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गईं. निर्धारित समय शाम पांच बजे तक मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही लगातार बनी रही. मतदान कर्मी सुबह से ही अपने-अपने केंद्रों पर पूरी मुस्तैदी के साथ डटे रहे. साथ ही मतदाताओं की पहचान और मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. दिनभर कर्मियों ने धैर्य और सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया. मतदान के दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. कई केंद्रों पर पहली बार मतदान करने पहुंचे युवाओं में विशेष उत्साह रहा. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से जुड़े वार्डों में भी मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ दंडाधिकारी भी सक्रिय रहे. शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी गयी. कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, जिससे चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सकी. प्रशासनिक अधिकारियों ने सफल मतदान को लेकर संतोष व्यक्त किया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH NATH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >