पतरातू से अजय तिवारी की रिपोर्ट
Patratu News: झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मृतक की पहचान रौनक कुमार शाह के रूप में हुई है, जो निर्माणाधीन पीवीयूएनएल (PVUNL) पावर प्लांट में लॉयल टैंक सीएचपी ऑपरेशन मैनपावर में मजदूर के तौर पर कार्यरत था.
ग्रिड के पास घायल अवस्था में मिला युवक
जानकारी के अनुसार, रौनक कुमार शाह सोमवार देर रात ड्यूटी खत्म कर वापस लौट रहा था. इसी दौरान पतरातू थाना क्षेत्र स्थित ग्रिड के पास सड़क किनारे वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला. ड्यूटी से लौट रहे उसके सहकर्मियों की नजर जब सड़क पर पड़े युवक पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत उसे पहचान लिया. इसके बाद बिना देर किए पुलिस को सूचना दी गई.
अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका
साथ काम करने वाले सहकर्मियों का कहना है कि रौनक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया होगा. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा देर रात होने के कारण किसी को तुरंत घटना की जानकारी नहीं मिल सकी. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, आसपास किसी वाहन के रुकने या मदद करने के संकेत भी नहीं मिले, जिससे हिट एंड रन की आशंका जताई जा रही है.
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलने के बाद पतरातू पुलिस मौके पर पहुंची. सहकर्मियों और पुलिस की मदद से रौनक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पतरातू लाया गया. यहां चिकित्सक डॉ. अरविंद कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों में शोक का माहौल बन गया.
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला था मृतक
पुलिस के अनुसार, मृतक रौनक कुमार शाह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का निवासी था. वह रोज़गार के सिलसिले में पतरातू में रहकर पीवीयूएनएल पावर प्लांट में काम कर रहा था. घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 22 वर्षों में 9737 करोड़ के खर्च हिसाब गायब, 8000 करोड़ के ऑडिट पर आपत्ति
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम की तैयारी
पतरातू थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: धनबाद में रिकवरी एजेंट का अपहरण, फिर कैंची घोंपकर हत्या
