पतरातू (रामगढ़). पतरातू-रांची मुख्य सड़क मार्ग पर सड़क किनारे किए जा रहे अवैध निर्माण व अस्थायी दुकानों के कारण सड़क की चौड़ाई लगातार कम होती जा रही है. पीटीपीएस शाह कॉलोनी से लेकर पतरातू डैम तक सड़क के दोनों ओर कई स्थानों पर बांस, तिरपाल और अन्य सामग्री से दुकानें एवं अस्थायी ढांचे खड़े कर दिए गए हैं. इससे सड़क किनारे वाहनों के रुकने और आवागमन के लिए उपलब्ध स्थान भी प्रभावित हो रहा है.
पीटीपीएस अस्पताल के समीप भी जारी है निर्माण
स्थानीय लोगों के अनुसार, पीटीपीएस अस्पताल के समीप भी अवैध निर्माण का कार्य जारी है. सड़क के किनारे निर्माण सामग्री और अस्थायी ढांचे होने के कारण पैदल यात्रियों तथा दोपहिया वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
व्यस्त सड़क पर मुख्य लेन में रुक रहे वाहन, दुर्घटना की आशंका
व्यस्त मुख्य मार्ग होने के कारण यहां दिनभर छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन रहता है. सड़क के किनारे अतिक्रमण बढ़ने से कई जगह वाहन चालकों को सड़क की मुख्य लेन में ही दिशा बदलने या रुकने की स्थिति बन रही है. ऐसे में अचानक सामने आने वाले वाहन, पैदल यात्री अथवा सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
सरकारी जमीन की मापी कर अतिक्रमण हटाने की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की सरकारी भूमि की मापी कराकर अतिक्रमण की जांच करने तथा सड़क किनारे किए जा रहे निर्माण पर रोक लगाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गयी तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर हो सकती है.
ये भी पढ़ें: भुरकुंडा में बैंककर्मियों की हड़ताल; अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
