पतरातू. बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोशन लाल चौधरी की अनुशंसा पर पतरातू प्रखंड में ग्रामीण सड़कों समेत आठ विकास योजनाओं को प्रशासनिक, तकनीकी एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गयी है. इन योजनाओं के निर्माण पर कुल करीब 5 करोड़ 70 लाख रुपये खर्च किये जायेंगे. निर्माण कार्य ग्रामीण कार्य विभाग, रामगढ़ द्वारा कराया जायेगा.
ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने की थी अनुशंसा
भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र कुमार महतो ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न सड़कों और अन्य जरूरी विकास कार्यों के निर्माण को लेकर विधायक को आवेदन सौंपे थे. ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने संबंधित विभाग से योजनाओं की अनुशंसा की, जिसके बाद इन्हें स्वीकृति मिली है.
इन सड़कों के निर्माण को मिली मंजूरी
स्वीकृत योजनाओं में चीकोर मुख्य पथ से सिमरबेड़ा तक सड़क निर्माण के लिए 2 करोड़ 42 लाख रुपये और सालगो से उरीयातू पथ के लिए 1 करोड़ 64 लाख रुपये स्वीकृत किये गये हैं.
इसके अलावा सयाल मेन रोड से गेट तक पीसीसी पथ निर्माण के लिए 30 लाख रुपये, पीटीपीएस रोड नंबर-2 में पीसीसी पथ के लिए 38 लाख रुपये, स्वामी विवेकानंद चौक पीसीसी पथ के लिए 19 लाख रुपये तथा न्यू मार्केट टेकर स्टैंड पीसीसी पथ निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है.
श्मशान घाट शेड और अन्य पीसीसी पथ भी शामिल
तालाटांड़ में श्मशान घाट शेड एवं गढ़वाल निर्माण के लिए 16 लाख रुपये स्वीकृत किये गये हैं. वहीं स्टीम कॉलोनी से ट्रांसफार्मर जितेंद्र सिंह के घर तक पीसीसी पथ निर्माण के लिए 24 लाख रुपये की मंजूरी दी गयी है.
आवागमन की सुविधा होगी बेहतर
महेंद्र कुमार महतो ने कहा कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और आवागमन की सुविधा बेहतर होगी. इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी. योजनाओं की स्वीकृति पर क्षेत्र के नागरिकों ने विधायक रोशन लाल चौधरी के प्रति आभार जताते हुए उन्हें बधाई दी है.
