अजय तिवारी
Patratu News: झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल पतरातू डैम को गुरुवार को नई पहचान मिली. झारखंड पर्यटन विभाग की ओर से लेक रिजॉर्ट परिसर में तैयार म्यूजिकल फाउंटेन और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का उद्घाटन पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदीव्य कुमार ने किया. उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य में पर्यटन को नई दिशा देने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों को भी मजबूती देगी.
प्राधिकरण का गठन करेगी सरकार : पर्यटन मंत्री
उद्घाटन के बाद मंत्री सुदीव्य कुमार ने कहा कि पतरातू डैम झारखंड की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर है. इसकी स्वच्छता, सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण सरकार के साथ-साथ यहां आने वाले प्रत्येक पर्यटक की भी जिम्मेदारी है. उन्होंने बताया कि सरकार पतरातू पर्यटन क्षेत्र प्राधिकरण के गठन की दिशा में भी पहल कर रही है, ताकि पूरे पर्यटन क्षेत्र में सफाई, यातायात, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके.
पर्यटन को मिलेगी नई ऊंचाई : रोशन लाल चौधरी
बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि पतरातू डैम पहले से ही राज्य के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल है. म्यूजिकल फाउंटेन और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के शुरू होने से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.
स्थानीय कारोबारियों को होगा सीधा लाभ : ममता देवी
रामगढ़ विधायक ममता देवी ने कहा कि पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से पतरातू आने वाले सैलानियों को बेहतर अनुभव मिलेगा. इसका सीधा लाभ होटल व्यवसाय, छोटे दुकानदारों, स्थानीय कारोबारियों और पर्यटन से जुड़े लोगों को मिलेगा.
पतरातू की पहचान होगी और मजबूत : अंबा प्रसाद
पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि पतरातू डैम प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर क्षेत्र है. यहां आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के विकास से जिले की पहचान और मजबूत होगी. उन्होंने भविष्य में भी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाएं शुरू करने की जरूरत बताई.
पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बनेगा फ्लोटिंग रेस्टोरेंट
म्यूजिकल फाउंटेन की रंग-बिरंगी रोशनी और संगीत का आकर्षक संगम तथा झील के बीच विकसित फ्लोटिंग रेस्टोरेंट अब पतरातू आने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र होंगे. पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि इन सुविधाओं के शुरू होने से न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन कारोबार को भी नई गति मिलेगी.
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त ऋतुराज ने की. इस अवसर पर डीएफओ नीतीश कुमार, पतरातू एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा, झारखंड पर्यटन विभाग के एमडी प्रेम रंजन, जीएम-सह-डिप्टी डायरेक्टर राजीव रंजन, अंचलाधिकारी मनोज कुमार चौरसिया, जेटीडीसी के सीनियर मैनेजर अरुण कुमार, मैनेजर कृष्ण कुमार, रंजन कुमार, दिव्या कुमारी, बुधराम कुमार, मुखिया किशोर कुमार महतो, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सुजीत पटेल सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे.
ये भी पढ़ें...
ट्रक की टक्कर में महिला की मौत के बाद फूटा लोगों का गुस्सा, आधे घंटे तक जाम रहा एनएच-23
रामगढ़ के स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा स्थायी ठिकाना, नगर विक्रेता समिति की बैठक में कई अहम फैसले
