गोला. प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय रकुवा में सोमवार को भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) द्वारा महिला जनशक्ति संगठन, झारखंड के सहयोग से एक दिवसीय उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुखिया प्रतिनिधि सुरेश कुमार रजक एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक गौतम कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया.
साइबर ठगी और संदिग्ध लिंक से रहें सतर्क
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों की रोकथाम, दूरसंचार सेवाओं की गुणवत्ता, उपभोक्ता अधिकारों तथा शिकायतों के समयबद्ध निपटारे के संबंध में जानकारी दी गयी. वक्ताओं ने कहा कि उपभोक्ताओं को दूरसंचार एवं प्रसारण सेवाओं का उपयोग करते समय टैरिफ एवं बिलिंग की जानकारी रखना जरूरी है. साथ ही किसी भी प्रकार के साइबर ठगी या संदिग्ध कॉल, मैसेज और लिंक से सावधान रहने की अपील की गयी.
दूरसंचार सेवाओं से जुड़े नियमों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ता प्राधिकरण द्वारा निर्धारित विनियमों तथा टेलीविजन सेवाओं से संबंधित नियमों की भी जानकारी दी गयी. बताया गया कि उपभोक्ता अपनी समस्याओं और शिकायतों को उचित माध्यम से संबंधित सेवा प्रदाता तक पहुंचायें, ताकि उनका समयबद्ध समाधान हो सके.
उपभोक्ता जागरूकता बढ़ाने पर जोर
आयोजकों ने बताया कि झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य उपभोक्ताओं, उद्योग प्रतिनिधियों एवं दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाना है. मौके पर जेके त्रिपाठी, संतोष कुमार महतो, नरेंद्र कुमार, रमेश कुमार महतो, मिथिलेश कुमार, हरेंद्र रजवार, उमेश महतो, सुखदेव महतो, सूबेदार महतो, रीना देवी, सोनाराम बेदिया, राजेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे.
