ससुराल पक्ष ने बताया आत्महत्या, पुलिस कर रही मामले की जांच 24 केदला 02 मृतक (फाइल फोटो). मांडू. मांडू थाना क्षेत्र के हेसागढ़ा गांव में रविवार सुबह नवविवाहिता की मौत संदिग्ध परिस्थिति में हो गयी. घटना को लेकर मृतक के पिता व भाई ने मांडू थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है. आवेदन में मृतका के पिता जमशेदपुर के मानगो निवासी अनूप कुमार सिन्हा ने कहा है कि पुत्री जिज्ञासा कुमारी का विवाह 14 मार्च 2026 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हेसागढ़ा निवासी सुमित कुमार सिन्हा के साथ हुआ था. शादी के बाद से ही पति छोटी-छोटी बातों को लेकर उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था. रविवार सुबह बेटी के ससुर सुमेश कुमार सिन्हा ने फोन कर पुत्री की मौत होने की जानकारी दी. कारण पूछने पर आत्महत्या की बात कही गयी. मृतका के पिता ने दावा किया है कि उनकी पुत्री मानसिक रूप से स्वस्थ थी. आत्महत्या करने की संभावना नहीं थी. ससुराल पक्ष के लोगों ने हम लोगों के आने से पहले ही रामगढ़ सदर अस्पताल जाकर शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी. इस मामले में मृतका के भाई निखिल कुमार श्रीवास्तव ने आरोप लगाया है कि वह 22 मई को पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बहन के घर आया था. उसी दिन शाम को बहन और जीजा के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद 23 मई को परिवार के लोग रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए गये थे. रात करीब 11 बजे तक बहन से बातचीत हुई थी. इसके बाद वह दूसरे कमरे में सोने के लिए चले गये. रविवार सुबह करीब पांच बजे शोर सुन कर मेरी नींद खुली, तो देखा कि बहन को पलंग पर लिटाया जा रहा था. इसके बाद जल्दबाजी में बहन को नजदीकी अस्पताल और फिर सदर अस्पताल, रामगढ़ ले जाया गया. भाई ने जीजा और ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है. मृतक के पिता ने दोषी पर कानूनी कार्रवाई की मांग की : मृतका के पिता ने पति सुमित कुमार सिन्हा, ससुर सुमेश कुमार सिन्हा, सिमरन सिन्हा, अंशु कुमार सिन्हा एवं नीतीश कुमार सिन्हा सहित परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. कहा कि बेटी के साथ गलत हुआ है. इस संबंध में मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. जिज्ञासा ने फांसी लगा कर की है आत्महत्या : ससुराल पक्ष मृतक के ससुराल पक्ष का कहना है कि जिज्ञासा कुमारी ने फांसी लगा कर आत्महत्या की है. मृतक पर किसी प्रकार का दबाव नहीं था. उसने किस कारण से फांसी लगायी है, इसकी जानकारी घर वालों को भी नहीं है.
नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, मायके पक्ष ने जतायी हत्या की आशंका
नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, मायके पक्ष ने जतायी हत्या की आशंका
