मांडू, रामगढ़: सपोर्ट पब्लिक स्कूल, गोविंदपुर (मांडू) के छात्रों ने मिट्स्योर ओलिंपियाड मास्टर्स-2026 में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय के साथ-साथ झारखंड का नाम रोशन किया है. देशभर के हजारों प्रतिभागियों के बीच गणित व विज्ञान विषयों में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय के चार छात्रों ने उत्कृष्ट रैंक हासिल की.
प्रतियोगिता में रणवीर कुमार ने झारखंड में प्रथम स्थान (स्टेट रैंक-1) हासिल किया. राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें 52वीं रैंक मिली. उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें सात हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गयी. वहीं प्रकाश कुमार ने स्टेट रैंक-3 और नेशनल रैंक-67 हासिल कर दो हजार रुपये का पुरस्कार जीता.
प्रत्युष कुमार ने स्टेट रैंक-6 और नेशनल रैंक-102 हासिल कर एक हजार रुपये, जबकि अभिजीत प्रसाद ने स्टेट रैंक-7 और नेशनल रैंक-82 प्राप्त कर एक हजार रुपये का पुरस्कार जीता. इस तरह विद्यालय के चारों छात्रों ने सामूहिक रूप से 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि हासिल की.
छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है. शिक्षकों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
