पतरातू में नकली शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 120 पेटी में रखी थी ब्रांडेड बोतलें

Ramgarh: पतरातू में अवैध शराब बनाने वाली मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है. इस फैक्ट्री में बनने वाली शराब को बड़े-बड़े ब्रांड का लेवल लगाकर बाजार में खपाया जाता था.

Ramgarh: पतरातू में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रामगढ़ और रांची उत्पाद विभाग ने पतरातू के तालाताड़ क्षेत्र में संचालित एक मिनी नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. छापेमारी नलकारी पुल के समीप, एलेक्सा रिसोर्ट के पीछे स्थित एक मकान में की गई, जहां गुप्त रूप से शराब तैयार कर उसे नामी ब्रांड के लेबल में पैक कर बाजार में खपाया जा रहा था. बाजार में खपाए जा रहे इन नकली शराबों के चलते लाइसेंसी दुकानदारों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है.

ब्रांडेड शराब के नाम पर चल रहा था खेल

छापेमारी के दौरान टीम ने भारी मात्रा में प्लास्टिक की बोतलें, ढक्कन, स्टीकर और पैकिंग सामग्री बरामद की है. जब्त बोतलों पर यूनाइटेड स्पिरिट्स कंपनी के उत्पादों जैसे ब्लैक डॉग, सिग्नेचर, रॉयल चैलेंज और इम्पीरियल ब्लू के नाम के स्टीकर चिपकाए हुए थे. इसके अलावा बोतल सील करने की मशीन, यूनाइटेड स्पिरिट्स लिखा टेप तथा बड़ी मात्रा में खाली कार्टून भी जब्त किए गए. उत्पाद विभाग के अनुसार, प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यहां स्थानीय स्तर पर शराब तैयार कर उसे महंगे ब्रांड का लेबल लगाकर बाजार में ऊंची कीमत पर बेचा जा रहा था. इससे सरकार को राजस्व की क्षति के साथ-साथ लोगों की सेहत के साथ भी गंभीर खिलवाड़ हो रहा था.

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

विभाग को लंबे समय से इस इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी. इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई. मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क, मास्टरमाइंड और आपूर्ति सीरीज की जानकारी जुटाई जा रही है.

120 पेटी सामग्री जब्त

कार्रवाई के दौरान करीब 120 पेटी बोतलें, ढक्कन, स्टीकर समेत भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री और कार्टून बरामद किए गए हैं. जब्त सामग्री को ट्रक व मालवाहक वाहन के माध्यम से उत्पाद विभाग के अधिकारी अपने साथ ले गए. छापेमारी अभियान में अमित प्रसाद (अवर निरीक्षक, उत्पाद भुरकुंडा अंचल), कांग्रेस कुमार (अवर निरीक्षक, सदर अंचल), अमित मरकी (अवर निरीक्षक, मांडू अंचल) सहित रांची जिले के अधिकारी व भारी संख्या में सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

बड़े नेटवर्क की आशंका

अधिकारियों का कहना है कि जिस स्तर पर पैकिंग सामग्री और मशीनरी बरामद हुई है, उससे प्रतीत होता है कि यह संगठित गिरोह का काम है. विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि नकली शराब की आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी और इस धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

कानूनी कार्रवाई शुरू

उत्पाद विभाग ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर इसमें संलिप्त अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

ये भी पढ़ें…

त्योहारों को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने की दुकानों की जांच

कार व बाइक की टक्कर में एक युवक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम किया रोड

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >