रामगढ़. शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को बिजुलिया स्थित मैक्स इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर्स ट्रेनिंग में शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का संचालन छात्रा रानी प्रवीण और शोभा कुमारी ने किया. इसका उद्देश्य शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करना था.
कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षकों के सम्मान के साथ हुई. इसके बाद विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में मनमोहक नृत्य और गीत प्रस्तुत किये. समारोह के दौरान शिक्षकों के लिए मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गयीं, जिसमें शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
प्राचार्य डॉ. आनंद किशोर ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया.
