मांडू: मांडू चट्टी के आजाद मोहल्ला स्थित इमामबाड़ा के समीप ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर 28 अगस्त को जलसा आयोजित किया जायेगा. कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. जलसे में मांडू और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है.
मांडू सदर मुमताज कुरैशी ने बताया कि जलसे में कई उलेमा-ए-कराम मांडू पहुंचेंगे. उलेमा अपनी तकरीर के माध्यम से पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) की सीरत, दीनी तालीम और नेक रास्ते पर चलने का संदेश देंगे.
उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और इंसानियत का संदेश पहुंचाना है. वहीं फिरोज अंसारी ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में जलसे में शामिल होने की अपील की.
उन्होंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी के मौके पर आयोजित इस जलसे में लोगों को उलेमा की तकरीर सुनने और उनसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक संदेश प्राप्त करने का अवसर मिलेगा. उन्होंने लोगों से उलेमा द्वारा बताये गये नेक रास्ते पर चलने का संकल्प लेने की अपील की.
आयोजकों के अनुसार जलसे को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
