मांडू: मांडू आवासीय विद्यालय के सामने सर्विस रोड का निर्माण नहीं होने से छात्र-छात्राओं समेत ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसे लेकर मांडू विधायक प्रतिनिधि बालेश्वर भुइयां नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) और स्थानीय प्रशासन से जल्द सर्विस रोड का निर्माण कराने की मांग की है.
विधायक प्रतिनिधि ने कहा कि आवासीय विद्यालय में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं. इसके अलावा प्रतिदिन ग्रामीण, बुजुर्ग और आम लोग भी इस मार्ग से आवागमन करते हैं. सर्विस रोड नहीं होने के कारण लोगों को मुख्य सड़क से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय के सामने सर्विस रोड का निर्माण जरूरी है. मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही के बीच पैदल चलने वाले लोगों को काफी जोखिम उठाना पड़ता है.
बालेश्वर भुइयां ने संबंधित विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक पहल करने की मांग की. उन्होंने कहा कि सर्विस रोड बनने से दूर-दराज से आने वाले राहगीरों, विद्यार्थियों और बुजुर्गों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और दुर्घटना की आशंका भी कम होगी.
