मगनपुर(रामगढ़). श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर गोला के अग्रवाल मोहल्ला में भक्ति जागरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल एवं गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया.
भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपनाने का दिया संदेश
श्री जायसवाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने जीवन के माध्यम से धर्म, सत्य, न्याय, कर्म और मानव कल्याण का संदेश दिया. परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, मनुष्य को सत्य और धर्म के मार्ग से विचलित नहीं होना चाहिए. श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया कर्म का संदेश आज भी पूरी मानवता का मार्गदर्शन करता है.
धर्म और सामाजिक समरसता के मूल्यों पर दिया जोर
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव नहीं, बल्कि धर्म, सत्य, कर्तव्य, प्रेम और सामाजिक समरसता के मूल्यों को जीवन में अपनाने का अवसर है. हमें भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए. उन्होंने आयोजकों एवं अग्रवाल मोहल्ला के सभी श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं.
भजनों से भक्तिमय हुआ पूरा वातावरण
भक्ति जागरण के दौरान भक्ति गीतों एवं भजनों की प्रस्तुति से पूरा वातावरण श्रीकृष्ण भक्ति में सराबोर हो गया. जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयघोष से अग्रवाल मोहल्ला भक्तिमय हो उठा. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की तथा सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की.
बड़ी संख्या में गणमान्य व श्रद्धालु रहे मौजूद
मौके पर समाजसेवी जनार्दन पाठक, भाजपा गोला मंडल अध्यक्ष जितेंद्र साहू, गोला मंडल सांसद प्रतिनिधि प्रीतम झा, सूरज वर्मा, प्रदीप महतो, निहार रंजन, हरीश बर्मन, शिव प्रकाश प्रसाद, अप्पू गुप्ता, धीरज पाठक, चंदन पाठक, बाबलू गुप्ता, अरविंद रवानी, छोटेलाल रवानी, नैतिक पोद्दार, मंटू अग्रवाल, साधु चरण गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे.
