गोला. गोला के द्वारिका पैलेस में सोमवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से राष्ट्रव्यापी मेगा कृषि ऋण आउटरीच कार्यक्रम के तहत किसानों एवं स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग एवं ऋण सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया.
कार्यक्रम में महिला स्वयं सहायता समूहों एवं किसानों के बीच कुल एक करोड़ 58 लाख रुपये की राशि के ऋण चेक वितरित किये गये. कार्यक्रम का आयोजन सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की रामगढ़, पतरातू एवं गोला शाखाओं के संयुक्त समन्वय से किया गया. कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय कार्यालय रांची के चीफ मैनेजर बलिराम सिंह के नेतृत्व में हुआ.
इस अवसर पर रामगढ़ शाखा के शाखा प्रमुख नीरज साही, पतरातू के अविनाश मुर्मू एवं गोला के रवि शंकर मौजूद थे. चीफ मैनेजर बलिराम सिंह ने किसानों एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को संबोधित करते हुए बैंक की विभिन्न कृषि ऋण एवं वित्तीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिये प्रेरित किया.
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने में बैंक की महत्वपूर्ण भूमिका है. कार्यक्रम में कृषि ऋण, डेयरी, पशुपालन, कृषि यंत्रीकरण, सिंचाई सहित विभिन्न कृषि गतिविधियों के लिये उपलब्ध बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी गयी. साथ ही स्वयं सहायता समूहों को बैंक से जोड़कर ऋण सुविधा उपलब्ध कराने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया.
बैंक अधिकारियों ने कहा कि हर पात्र किसान एवं स्वयं सहायता समूह तक समय पर ऋण सुविधा पहुंचाना बैंक का उद्देश्य है, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो और कृषि क्षेत्र के सतत विकास को गति मिले. मौके पर बैंक कर्मी अपूर्वा गुप्ता, विजय कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ के खिलाड़ियों का जलवा, 124 टीमों को पछाड़कर सीबीएसई खो-खो चैंपियन बनी टीम
ये भी पढ़ें: रामगढ़ बनेगा देश का डिजिटल हेल्थ मॉडल! बड़े अफसर जुटे, शुरू हुई खास पहल
