पतरातू(रामगढ़). पतरातू डैम क्षेत्र स्थित लेक रिसोर्ट की सुरक्षा में तैनात कमांडो सिक्योरिटी एजेंसी के लगभग 35 से 40 सुरक्षा गार्डों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है. नियमित ड्यूटी करने के बावजूद भुगतान न होने से गार्डों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
उनका कहना है कि वेतन रुकने से बच्चों की स्कूल फीस, राशन और दैनिक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है, जिसके कारण कई गार्डों को उधार का सहारा लेना पड़ रहा है.
मई में भी हड़ताल के बाद मिला था मानदेय
सुरक्षा गार्डों ने बताया कि चार माह पूर्व मई में भी वेतन न मिलने पर उन्होंने हड़ताल की थी, जिसके बाद दो महीने का भुगतान किया गया था. पर्यटन विभाग द्वारा मई 2026 से एजेंसी को भुगतान न किए जाने के कारण गार्डों का मानदेय अटका हुआ है.
इस संबंध में कमांडो सिक्योरिटी के ऑपरेशन मैनेजर प्रदीप कुमार ने कहा कि विभाग से फंड मिलते ही अगले दो-चार दिनों में दो महीने के मानदेय का भुगतान कर दिया जाएगा.
सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका
पतरातू डैम और लेक रिसोर्ट में हर दिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, जिसे देखते हुए वहां की सुरक्षा बेहद अहम है. ऐसे में लंबे समय से वेतन न मिलने से सुरक्षा गार्डों की मानसिक और आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं.
पीड़ित गार्डों ने संबंधित एजेंसी और पर्यटन विभाग के अधिकारियों से बकाए का तुरंत भुगतान कराने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ : खान संशोधन विधेयक के विरोध में 19 सितंबर को झामुमो का सभी प्रखंडों में धरना-प्रदर्शन
