कुजू: पैंकी मुंडा टोला स्थित शिव मंदिर परिसर में रविवार को वार्ड नंबर छह के पार्षद संदीप कुमार की अध्यक्षता में ग्रामसभा आयोजित की गयी. इसमें प्रस्तावित बस स्टैंड के लिए भूमि चयन को लेकर ग्रामीणों ने आपत्ति जतायी. ग्रामीणों ने बस्ती की जमीन को बस स्टैंड के लिए नहीं लेने और पूर्व में भगवान बिरसा मुंडा स्थल के लिए चयनित तीन एकड़ भूमि पर ही बस स्टैंड का निर्माण कराने की मांग की.
ग्रामीणों का कहना था कि बस्ती की जमीन को बस स्टैंड के लिए लिये जाने से खेती-बाड़ी और आवास से जुड़ी समस्याएं उत्पन्न होंगी. इससे स्थानीय लोगों के हित प्रभावित होंगे. ग्रामसभा में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर पूर्व में चयनित तीन एकड़ भूमि पर ही बस स्टैंड निर्माण कराने की मांग की.
वार्ड पार्षद संदीप कुमार ने ग्रामीणों की मांग का समर्थन किया. उन्होंने इस संबंध में अंचल अधिकारी के नाम आवेदन भी सौंपा और मामले में आवश्यक पहल करने की मांग की.
सरकारी भूमि को लेकर अंचल कार्यालय ने जारी किया आम इश्तेहार
इधर, जनहित एवं प्रशासनिक कार्य के लिए पैंकी मौजा में सरकारी भूमि की आवश्यकता को लेकर मांडू अंचल कार्यालय की ओर से आम इश्तेहार जारी किया गया है. इसमें बढ़न महतो वगैरह, गणेश यादव, रामेश्वर मुंडा, देव कुमार सिंह, चिंतामन महतो तथा दीपकल कुमार सिंह के नाम से दर्ज भूमि का विवरण दिया गया है.
इश्तेहार में विभिन्न खाता संख्या के अंतर्गत प्लॉट संख्या 239 समेत 232/326, 239/326, 239/327, 239/248 और 239/285 का उल्लेख किया गया है. अंचल कार्यालय ने संबंधित भूमि पर किसी प्रकार की आपत्ति होने पर राजस्व से संबंधित मूल दस्तावेज के साथ अंचल अधिकारी के समक्ष अपना पक्ष रखने की सूचना दी है.
ग्रामीणों की आपत्ति और अंचल कार्यालय की ओर से जारी आम इश्तेहार के बाद पैंकी में बस स्टैंड के लिए भूमि चयन का मामला चर्चा में है. ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि बस्ती की जमीन से छेड़छाड़ किए बिना पूर्व में चयनित भूमि पर ही बस स्टैंड का निर्माण कराया जाए.
ग्रामसभा में समाजसेवी रामचल मुंडा, बरतू मुंडा, पाहन फूलों मुंडा, मनोज मुंडा, विजय राजवार, अमरदीप मुंडा, संतोष मुंडा, किशन मुंडा, संजीत राम, सुकुरमनी मुंडा, साबो देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
