चितरपुर. चितरपुर के जवाहर रोड निवासी क्षितिज तिवारी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. क्षितिज ने परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 218वीं रैंक हासिल की है.
उनका चयन असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर हुआ है. उन्होंने वर्ष 2020-24 में आइआइटी मद्रास से बीटेक की पढ़ाई पूरी की है. उन्होंने नयी दिल्ली स्थित केंद्रीय विद्यालय एंड्रयूजगंज से 12वीं की पढ़ाई पूरी की. उन्होंने 96 प्रतिशत अंक हासिल किया था. 10वीं की परीक्षा में उन्होंने 10 सीजीपीए प्राप्त किया था. परिवार में रहा है शिक्षा का माहौल : क्षितिज की सफलता में उनके परिवार के शैक्षणिक माहौल की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उनके पिता जनार्दन तिवारी गणित के शिक्षक एवं मार्गदर्शक हैं. जनार्दन तिवारी ने अपने दोनों पुत्रों की शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया. मां छाया तिवारी प्राथमिक स्तर की कक्षाओं की शिक्षिका हैं.
क्षितिज के छोटे भाई सक्षम तिवारी भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं. क्षेत्र के शहजादा अनवर, योगेंद्र उपाध्याय, अशोक उपाध्याय, सुधीरचंद्र पोद्दार, पवन दांगी, मो साजिद हुसैन, जका उल्लाह, गौतम पोद्दार और राजीव रंजन चौरसिया ने क्षितिज तिवारी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
