35 साल बाद बदली केदला-गोसी मुख्य मार्ग की तस्वीर, ग्रामीणों की राह हुई आसान

रामगढ़ के केदला व गोसी मुख्य मार्ग का निर्माण होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। अब सफर 10 मिनट में पूरा हो रहा है, जिससे आवागमन सुगम हो गया है।

रामगढ़ के केदला से वकील चौहान की रिपोर्ट

केदला, रामगढ़: मांडू प्रखंड अंतर्गत केदला-गोसी मुख्य मार्ग करीब 35 वर्षों से जर्जर अवस्था में था. सड़क की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी. चारपहिया और दोपहिया वाहनों को इस मार्ग से गुजरने में दिक्कत होती थी. बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती थी. जगह-जगह गड्ढे होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी.

सबसे अधिक परेशानी मरीजों को गोसी व लईयो से हाउसिंग मुख्य मार्ग तक पहुंचने में होती थी. गोसी के अलावा लईयो क्षेत्र के ग्रामीणों को भी इसी जर्जर मार्ग से होकर मुख्य सड़क तक पहुंचना पड़ता था. पहले मरीजों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने में करीब पौन घंटा लग जाता था. गंभीर मरीजों के लिए परेशानी और बढ़ जाती थी. करीब छह माह पूर्व मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से इस पथ का निर्माण होने के बाद ग्रामीणों को राहत मिली है. नवनिर्मित सड़क से अब महज दस मिनट में मुख्य मार्ग तक पहुंचना संभव हो गया है.

सड़क बनने से रिश्तों में भी आयी नजदीकी

लंबे समय तक सड़क के जर्जर रहने का असर केवल आवागमन पर ही नहीं, बल्कि सामाजिक रिश्तों पर भी पड़ रहा था. लईयो उत्तरी और लईयो दक्षिणी पंचायत के ग्रामीणों का क्षेत्र के लोगों के साथ आना-जाना प्रभावित हो रहा था. शादी-विवाह और अन्य पारिवारिक कार्यक्रमों में रिश्तेदारों के यहां आने-जाने से लोग कतराते थे. सड़क की खराब स्थिति के कारण दूरी कम होने के बावजूद सफर मुश्किल भरा होता था.

सड़क निर्माण के बाद अब दोनों पंचायतों के लोगों के बीच आवागमन सुगम हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि अच्छी सड़क से शादी-विवाह समेत सामाजिक और पारिवारिक संबंधों को भी मजबूती मिलेगी.


तीन दशक से अधिक से जर्जर थी सड़क

रोजगार, शिक्षा और बाजार तक पहुंच आसान

पथ के बन जाने से ग्रामीणों के लिए रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच भी आसान हो गयी है. पहले जर्जर सड़क के कारण वाहन चालक इस मार्ग से आने-जाने से बचते थे, वहीं अब सड़क पर दोपहिया और चारपहिया वाहन आसानी से गुजर रहे हैं. विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में सुविधा मिल रही है. मजदूरों और कामगारों के लिए रोजगार के स्थानों तक पहुंचना भी आसान हुआ है.

ग्रामीणों का कहना है कि करीब 35 वर्षों से जिस सड़क की बदहाली झेल रहे थे, उसके बनने से अब उनकी रोजमर्रा की जिंदगी काफी आसान हो गयी है.


नई चमचमाती सड़क

प्रभात खबर में कई बार उठी थी सड़क की समस्या

केदला-गोसी मार्ग के जर्जर होने और ग्रामीणों को हो रही परेशानी को लेकर प्रभात खबर में कई बार खबर प्रकाशित की गयी थी. खबर के माध्यम से सड़क की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से उठाया गया था. लगातार मांग और खबर प्रकाशन के बाद मार्ग का निर्माण कराया गया, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली.


प्रभात खबर की खबर का असर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >