रामगढ़: मानसून के बावजूद जुलाई 2026 में झारखंड में वाहनों की खुदरा बिक्री में 21.90 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई. फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के चेयरपर्सन गोविंद पी मेवाड़ ने बताया कि जुलाई में राज्य में कुल 54,671 वाहनों की बिक्री हुई, जबकि जुलाई 2025 में 44,849 वाहन बिके थे. गोविंद पी मेवाड़ ने बताया कि लगभग सभी वाहन श्रेणियों में सकारात्मक प्रदर्शन रहा.
दोपहिया वाहनों की बिक्री 21.51 प्रतिशत बढ़कर 40,023, तीन पहिया वाहनों की 27.18 प्रतिशत बढ़कर 3,678, यात्री वाहनों की 18.86 प्रतिशत बढ़कर 6,133 और वाणिज्यिक वाहनों की 29.38 प्रतिशत बढ़कर 1,744 इकाई हो गई. ट्रैक्टर की बिक्री 2,437 से बढ़कर 2,982 इकाई रही. निर्माण उपकरण श्रेणी में 48 प्रतिशत वृद्धि के साथ 111 इकाइयों की बिक्री हुई.
उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री में केवल 1.44 प्रतिशत वृद्धि हुई और दोपहिया बिक्री में इनकी हिस्सेदारी 4.49 प्रतिशत रही. इलेक्ट्रिक तीन पहिया वाहनों की बिक्री 8.51 प्रतिशत बढ़ी, जबकि इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 2.34 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.
गोविंद पी मेवाड़ ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन देने वाली प्रभावी सरकारी योजना का अभाव इसकी बिक्री में अपेक्षित तेजी नहीं आने का प्रमुख कारण है. उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव, ईंधन आपूर्ति की अनिश्चितता और बढ़ती कीमतों के बावजूद वाहन बिक्री में वृद्धि उपभोक्ता विश्वास और ऑटोमोबाइल बाजार की मजबूती को दर्शाती है.
