गोला से राजकुमार की रिपोर्ट
गोला-रजरप्पा मार्ग स्थित कुसुमडीह के समीप मंगलवार रात हाई वोल्टेज विद्युत तार की चपेट में आने से आरा (बिहार) निवासी मुकेश कुमार की मौत हो गयी. घटना के बाद क्षेत्र में करीब दो घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही.
रजरप्पा से लौटने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार आरा (बिहार) से श्रद्धालुओं को लेकर एक बस रजरप्पा मंदिर दर्शन-पूजन के लिए पहुंची थी. पूजा-अर्चना करने के बाद सभी श्रद्धालु बस से गोला की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान कुसुमडीह के समीप बस की छत पर बैठे मुकेश कुमार ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज विद्युत तार की चपेट में आ गये. करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गये.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ के इन इलाकों में 10 हजार से अधिक बकायेदारों पर कार्रवाई, काटे गये बिजली कनेक्शन
अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत
घटना के बाद बस में सवार श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गयी. आनन-फानन में मुकेश कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला पहुंचाया गया. यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. परिजन और अन्य लोग उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी.
दो घंटे तक बाधित रही बिजली आपूर्ति
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गये. विद्युत विभाग को जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करायी गयी. करीब दो घंटे बाद विद्युत आपूर्ति बहाल की गयी. घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है.
ये भी पढ़ें: चुट्टूपालू घाटी में ट्रेलर ने बाइक-स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, तीन की मौत, 3 घायल
