रामगढ़ के गोला में पलटा बियर लदा एलपी ट्रक, कैन बचाने के लिए पुलिस के जवान तैनात

Ramgarh News: रामगढ़ के गोला स्थित संधवैय घाटी में बियर से लदा एलपी ट्रक पलट गया. हादसे के बाद लोग बियर की कैन लेकर चले गये. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और बची हुई बियर की सुरक्षा के लिए पैंथर जवानों व चौकीदारों की तैनाती कर दी.

गोला से राजकुमार की रिपोर्ट

Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर संधवैय घाटी के समीप बियर से लदा एक एलपी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे में ट्रक चालक की जान बाल-बाल बच गयी, लेकिन ट्रक में लदी बड़ी संख्या में कैन बियर क्षतिग्रस्त हो गयी. दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

आसपास के लोग उठा ले गये बियर की कैन

ट्रक पलटने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गये. दुर्घटना में ट्रक से बाहर गिरी कई कैन बियर लोगों के हाथ लग गयी और वे उन्हें लेकर चले गये. देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गयी. इससे स्थिति बिगड़ने की आशंका पैदा हो गयी. सूचना मिलने पर गोला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए लोगों को वहां से हटाया.

बची हुई बियर की सुरक्षा में तैनात हुए जवान

हादसे के बाद ट्रक में बची हुई बियर को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस ने विशेष व्यवस्था की. गोला थाना पुलिस ने पैंथर जवानों और चौकीदारों की तैनाती कर दी ताकि कोई भी व्यक्ति शेष माल को नुकसान न पहुंचा सके या उसे लेकर न जा सके. पुलिस की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र की निगरानी की गयी और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही.

1400 पेटी बियर लेकर हजारीबाग जा रहा था ट्रक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एलपी ट्रक में बोकारो के बालिडीह स्थित गोदाम से करीब 1400 पेटी कैन बियर लोड की गयी थी. यह खेप हजारीबाग पहुंचायी जा रही थी. संधवैय घाटी के पास पहुंचने पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दुर्घटना चालक की चूक, तेज रफ्तार या सड़क की परिस्थितियों के कारण हुई.

इसे भी पढ़ें: झारखंड के रमकंडा स्कूल में उतरवा दिया गया बच्चों का कलावा और लॉकेट, जांच करने पहुंची शिक्षा विभाग की टीम

दूसरे वाहन से भेजी गयी सुरक्षित खेप

घटना की जानकारी मिलने पर बीडीपीएल कंपनी के प्रतिनिधि राकेश चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस की निगरानी में ट्रक में सुरक्षित बची बियर को दूसरे वाहन में शिफ्ट किया गया. इसके बाद उस खेप को निर्धारित गंतव्य हजारीबाग के लिए रवाना कर दिया गया. वहीं गोला थाना पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. हादसे में किसी के हताहत नहीं होने से प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली.

इसे भी पढ़ें: 'मंत्री महोदया, सिमडेगा के गांवों को टापू बनने से बचाएं', दीपिका पांडेय सिंह से मिले विधायक भूषण बाड़ा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumarvishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >