गोला : गोला वन क्षेत्र के कोरांबे एवं मुरपा में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है. सोमवार को करीब दस की संख्या में पहुंचे जंगली हाथियों के झुंड ने किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया.
लौकी और मक्कई की फसल बर्बाद
हाथियों ने कोरांबे निवासी प्रदीप कुमार के खेत में लगी लौकी की फसल को रौंदकर पूरी तरह नष्ट कर दिया. वहीं धीरन साव के खेत में लगी मीठी मक्कई की फसल को भी हाथियों ने बर्बाद कर दिया. इससे दोनों किसानों को आर्थिक नुकसान हुआ है.
सुबह तक गांव के आसपास घूमते रहे हाथी
ग्रामीणों ने बताया कि जंगली हाथियों की गतिविधि सोमवार तड़के से ही क्षेत्र में बनी हुई है. रात करीब तीन बजे मुरमुटा गांव के आसपास पांच-छह जंगली हाथियों को देखा गया था. इसके बाद सुबह करीब सात बजे हाथियों को कोरांबे और शीशाटाड़ के बीच तथा खैराजरा के पास देखा गया.
ग्रामीणों में दहशत, मुआवजे की मांग
हाथियों की लगातार मौजूदगी से आसपास के गांवों के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर नजर रखने और किसानों की फसलों को बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है. साथ ही क्षतिग्रस्त फसलों का आकलन कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की गयी है.
